मौसम अपडेट: आज भी गर्मी करेगी परेशान, पर्वतीय जिलों में बारिश के आसार; 19-20 जून के लिए येलो अलर्ट जारी
देहरादून। उत्तराखंड में फिलहाल मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर बना रहने की संभावना है, जबकि पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश मौसम को राहतभरा बना सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई पहाड़ी इलाकों में आज गर्जन के साथ बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग ने 19 और 20 जून के लिए पर्वतीय जनपदों में आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बारिश से जहां मौसम सुहावना बना हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के बावजूद उमस बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले दिनों में प्री-मानसून गतिविधियों के तेज होने के साथ तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
