विकासनगर। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ढालीपुर में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने ध्वजारोहण कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान क्रांतिकारियों एवं बलिदानियों को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतवासी के लिए गौरव और सम्मान का दिन है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश, देशवासियों और समाज के लिए अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देकर अपने फर्ज का निर्वहन करे।

नेगी ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है कि आज जिस तरह महान क्रांतिकारियों और बलिदानियों को भुलाया जा रहा है तथा उनके प्रति घटिया सोच रखते हुए उन्हें अपशब्द कहे जा रहे हैं और उनकी निंदा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन क्रांतिकारियों ने वर्षों तक अंग्रेजों की जेलों में यातनाएं सहीं और देश की आजादी के लिए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया, उनके प्रति केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना और राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हमें यह आत्ममंथन करने की आवश्यकता है कि क्या हम उनके बलिदान की कीमत चुका पाए हैं और क्या उनके सपनों के भारत का निर्माण कर पाए हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि समाज और देश के किसी भी क्षेत्र में ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपना योगदान देना ही क्रांतिकारियों एवं बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि तभी हम उनकी शहादत का वास्तविक मोल चुका सकेंगे।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ज्ञानचंद, शिक्षक सुदेश कुमार, संजय परमार, विनोद कुमार, अंकित देशवाली, रमेश नेगी, राहुल कुमार और नरेंद्र कुमार सहित जन संघर्ष मोर्चा के हाजी असद एवं प्रवीण शर्मा पिन्नी, शिक्षकगण, अभिभावक तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
