विकासनगर। डाकपत्थर के केशव माधवपुरम में क्षेत्र पंचायत सदस्य सुषमा राणा की ओर से तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तीज पर्व की खुशियां साझा कीं। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने गीत-संगीत, नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लेकर समारोह को यादगार बना दिया।

इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व का आनंद लिया। कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी से पूरा माहौल उत्सवमय नजर आया। तीज के गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

क्षेत्र पंचायत सदस्य सुषमा राणा ने कहा कि तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं के आपसी प्रेम, सौहार्द और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण उत्सव है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक मंच पर आने और अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी महिलाओं को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मोना गर्ग चौहान, आशा देवी, मुन्नी बोरा, राखी अग्रवाल, कोमल प्रजापति, दीपा, शिवानी, अनीता शर्मा, उमा बोरा, मिनी जैन, काजल, प्रमिला पांडे सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
आत्ममंथन न्यूज़

