देहरादून। दिव्यांगजनों और बुजुर्गों के लिए जिला प्रशासन की ओर से राहत भरी पहल की जा रही है। समाज कल्याण विभाग और भारत सरकार के उपक्रम भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के सहयोग से जिले में निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 21 से 26 सितंबर तक 11 चिन्हीकरण शिविर लगाए जाएंगे।
‘सेवा संकल्प सप्ताह’ के तहत आयोजित होने वाले इन शिविरों में दिव्यांगजनों और बुजुर्गों का चिन्हीकरण कर उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित लाभार्थियों को एक अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपकरण वितरित किए जाएंगे।
शिविरों का आयोजन सुबह 11 बजे से होगा। 21 सितंबर को विकासखंड परिसर सहसपुर और कालसी, 22 सितंबर को नगर पंचायत सेलाकुई, विकासखंड परिसर विकासनगर तथा पंचायत भवन रामनगर डांडा थानों, 23 सितंबर को विकासखंड परिसर डोईवाला और पंचायत भवन सभावाला, 24 सितंबर को विकासखंड परिसर रायपुर और आंगनबाड़ी केंद्र नवादा चौक बद्रीपुर में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 26 सितंबर को रेसकोर्स वेलफेयर सोसायटी, 120 रेसकोर्स तथा गंगा फार्म, बालावाला में शिविर आयोजित होंगे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शिविर में पहुंचने वाले दिव्यांगजनों को यूडीआईडी, आधार कार्ड की छायाप्रति और मासिक आय प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा। वहीं बुजुर्गों को आधार कार्ड की छायाप्रति और संबंधित ग्राम प्रधान या पार्षद द्वारा जारी मासिक आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। बुजुर्गों के लिए मासिक आय की सीमा 15 हजार रुपये तक निर्धारित है।
जिला प्रशासन ने पात्र दिव्यांगजनों और बुजुर्गों से निर्धारित तिथियों पर शिविर में पहुंचकर अपना चिन्हीकरण कराने की अपील की है, ताकि उन्हें जरूरत के मुताबिक निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।
