200 से अधिक स्टॉलों पर पहाड़ी व्यंजन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की दिखेगी झलक

देहरादून। राजधानी के रेंजर ग्राउंड में 5 से 11 अक्टूबर तक सात दिवसीय ‘सरस फूड फेस्टिवल’ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। फेस्टिवल में उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के साथ हस्तशिल्प, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री आकर्षण का केंद्र रहेगी।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने आयोजन की सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए।

फेस्टिवल में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से 200 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें पहाड़ी पकवानों के अलावा हस्तशिल्प, हथकरघा और स्थानीय स्वदेशी उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

मेले में फूड स्टॉलों के बीच प्रतियोगिता भी होगी। स्वाद और प्रस्तुतिकरण के आधार पर प्रथम तीन स्थान हासिल करने वाले स्टॉल संचालकों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। कृषि, उद्यान, उद्योग, पर्यटन, रेशम और सेवायोजन विभाग भी अपने लाभार्थियों के साथ विभिन्न विषयों पर गोष्ठियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। सीडीओ ने पुलिस प्रशासन को रेंजर ग्राउंड के आसपास सुरक्षा और सुगम ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम को लगातार सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा फूड सेफ्टी और फायर सेफ्टी विभाग को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

फेस्टिवल के दौरान प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक आयोजन के जरिए स्थानीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार