गंगनानी के समीप डबरानी की ओर हुआ हादसा, गुजरात से आए थे छह यात्री; SDRF, पुलिस और NDRF का संयुक्त रेस्क्यू अभियान जारी

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के समीप डबरानी की ओर जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे। दुर्घटना में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक गंभीर घायल को रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा गया है। दो महिलाएं अभी लापता हैं, जिनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह इनोवा कार संख्या UK08 TA 6040 गंगोत्री की ओर जा रही थी। गंगनानी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी भागीरथी नदी में जा गिरा। वाहन में गुजरात निवासी छह यात्री और हरिद्वार निवासी चालक सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर उजेली और भटवाड़ी पोस्ट से SDRF की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचकर SDRF ने स्थानीय पुलिस, NDRF और अन्य बचाव दलों के साथ संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी तट से चार शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान अशोकबेन पटेल (49), रुतिका अशोकभाई पटेल (19), घनश्यामभाई सरवालिया (32) और वाहन चालक राहुल अग्रवाल निवासी गोसाईं गली, हरिद्वार के रूप में हुई है।

वहीं, हादसे में 17 वर्षीय वेदांत अशोकभाई पटेल को गंभीर हालत में रेस्क्यू किया गया। उसे उपचार के लिए भेजा गया है। बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रेफर करने की प्रक्रिया भी गतिमान बताई गई है।

दुर्घटना के बाद से सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45) और किरणबेन विशालभाई पटेल (34) लापता हैं। दोनों गुजरात की निवासी हैं। SDRF और अन्य बचाव दल नदी के बहाव वाले क्षेत्रों और आसपास के संभावित स्थानों पर उनकी तलाश में जुटे हैं।

भागीरथी नदी में वाहन गिरने से हुए इस हादसे ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। लापता लोगों की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रशासन और बचाव दलों की निगाहें अब लापता दोनों महिलाओं की तलाश पर टिकी हैं।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार