विकासनगर, 20 जून। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) पछुवादून इकाई की महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक शनिवार को डाकपत्थर रोड स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति, संगठन विस्तार और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक का संचालन वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह नेगी के निर्देशन में हुआ, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जितेंद्र पंवार और कार्यकारी अध्यक्ष (विकासनगर शहर) अरविंद तोमर ने संयुक्त रूप से की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष जितेंद्र पंवार ने कहा कि राष्ट्रीय दल चुनावों के दौरान बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन उत्तराखंड की अस्मिता और मजबूत भू-कानून के मुद्दे पर केवल उत्तराखंड क्रांति दल ही संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और “बूथ मजबूत-हर घर चर्चा” अभियान को तेज करने का आह्वान किया।

कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद तोमर ने विकासनगर में चल रही 535 करोड़ रुपये की सीवरेज लाइन परियोजना को लेकर सरकार और कार्यदायी संस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारी भरकम बजट खर्च होने के बावजूद क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं और पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में जारी अवैध खनन को प्राकृतिक संसाधनों की खुली लूट बताते हुए इसके खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी।

ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ उनियाल ने डाकपत्थर अस्पताल की दुर्दशा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित अस्पताल में डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं होने से जनता को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अस्पताल की व्यवस्था केवल एक फार्मासिस्ट के भरोसे चल रही है। यूकेडी ने स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार नहीं होने पर जनआंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष अनिल पंवार, कार्यकारी अध्यक्ष अतुल बेंजवाल, सुरेन्द्र कुकरेती, जिला महामंत्री मायाराम ममगाई, मोहन नौटियाल, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्षा एवं राज्य आंदोलनकारी सीमा कुकरेती, प्रवक्ता पीयूष नेगी, नरेन्द्र कुकरेती, दीप चंद्र सिंह नेगी, बीना देवी, बीना देवी उनियाल, दरवान सिंह रावत, रितु ठाकुर, अमित थपलियाल, पदमा थपलियाल, पूरण प्रसाद भट्ट, भूपेन्द्र बिष्ट और दिनेश चंद्र कोठारी समेत अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मातृशक्ति मौजूद रही।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने आगामी चुनावों में एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और स्थानीय मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार