जन संघर्ष मोर्चा कार्यालय में माल्यार्पण कर किया स्वागत, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट का मोर्चा के केंद्रीय कार्यालय में जोरदार अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रघुनाथ सिंह नेगी तथा महासचिव आकाश पंवार सहित संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि भीम सिंह बिष्ट लंबे समय से जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं और उनके नेतृत्व में संगठन ब्लॉक स्तर पर और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा हमेशा जनता की आवाज बनकर संघर्ष करता रहा है और नए नेतृत्व से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

महासचिव आकाश पंवार ने कहा कि भीम सिंह बिष्ट की कार्यशैली, जनसरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन की विचारधारा गांव-गांव तक पहुंचेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष और तेज होगा।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोर्चा ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार