देहरादून। राजधानी देहरादून में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। पटेलनगर थाना क्षेत्र के लालपुल के पास आईएसबीटी से घंटाघर की ओर जा रही एक सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां बैठे मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक अर्जुन गुरुंग को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया, जिसके कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू बस फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को टक्कर मारते हुए एक होटल के गेट तक जा पहुंची।

हादसे में संजीत, रतन, मानसिंह, आहद और सुखराज घायल हुए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को बस के नीचे से निकालकर तत्काल इन्द्रेश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में से एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी मजदूर रोज की तरह काम मिलने का इंतजार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बस अचानक फुटपाथ पर चढ़ गई और कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा हो गया। लोगों का कहना है कि यदि बस होटल के गेट से टकराकर नहीं रुकती तो जनहानि और अधिक हो सकती थी।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके चलते घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो के जरिए अस्पताल पहुंचाना पड़ा।

पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं हादसे के कारण काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार