देहरादून: उत्तराखंड शिक्षा विभाग में अधिकारियों के तबादलों की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। विभाग की ओर से तबादलों का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है, जिस पर अब अंतिम निर्णय का इंतजार है। शासन ने प्रस्ताव को अनुमोदन के लिए विभागीय मंत्री के पास भेज दिया है। मंत्री की मंजूरी मिलते ही अधिकारियों के तबादला आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
शिक्षा विभाग में कई वरिष्ठ अधिकारियों के पद लंबे समय से खाली चल रहे हैं। ऐसे में विभागीय कामकाज को सुचारू बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक फेरबदल की तैयारी की जा रही है।
सोमवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती के सेवानिवृत्त होने के बाद विभाग में एक और महत्वपूर्ण पद रिक्त हो जाएगा। वहीं, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक का पद भी काफी समय से खाली है। वर्तमान में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती के पास प्रारंभिक शिक्षा निदेशक का अतिरिक्त प्रभार है।
इसके अलावा डॉ. मुकुल सती समग्र शिक्षा में अपर राज्य परियोजना निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद इन महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियों को लेकर भी शासन स्तर पर मंथन चल रहा है।
माना जा रहा है कि तबादला आदेश जारी होने के साथ ही विभाग में खाली पड़े पदों पर नई जिम्मेदारियां तय की जा सकती हैं, जिससे शिक्षा विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को गति मिल सके।
