उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भैरवघाटी से करीब तीन किलोमीटर आगे बुधवार देर रात एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों में से दो घायल हो गए, जबकि एक युवक लापता हो गया है। लापता युवक की तलाश में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने सघन खोज अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, चौकी गंगोत्री से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि मोटरसाइकिल संख्या UP-20AN-7789 दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम उपनिरीक्षक देवीदत्त बडथ्वाल के नेतृत्व में आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि बाइक पर तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों को सामान्य चोटें आईं, जिन्हें 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
वहीं, तीसरा युवक सुरेश लामा (26 वर्ष), पुत्र कुलबहादुर, मूल निवासी नेपाल और वर्तमान निवासी हिमाचल प्रदेश, हादसे के बाद से लापता है। एसडीआरएफ टीम ने देर शाम तक संभावित क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।
एसडीआरएफ ने बताया कि लापता युवक की तलाश के लिए गुरुवार सुबह पुनः खोज अभियान शुरू किया जाएगा। स्थानीय पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के समन्वय से युवक की तलाश के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
