पदक विजेता खिलाड़ियों को तय समय में मिले सरकारी नौकरी, नई खेल नीति जल्द लाने के निर्देश
देहरादून, 02 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में समायोजित करने की प्रक्रिया निर्धारित समय के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकांश खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नियुक्ति देने की कार्ययोजना भी तैयार की जाए।
गुरुवार को सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप उत्तराखंड की नई खेल नीति तैयार की जाए। उन्होंने उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने के निर्देश देते हुए प्रवेश प्रक्रिया और कोच, कर्मचारियों एवं अधिकारियों की नियुक्ति में तेजी लाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम योजना के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। साथ ही 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के रखरखाव के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, गोलापार स्टेडियम, रुद्रपुर वेलोड्रोम, टिहरी झील, हरिद्वार और पिथौरागढ़ के स्टेडियमों में विकसित सुविधाओं को खिलाड़ियों के लिए अधिक उपयोगी बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 39वें राष्ट्रीय खेल-2027 को देखते हुए विभिन्न खेल विधाओं में विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू किए जाएं और खेल संघों के साथ मिलकर खिलाड़ियों के चयन एवं प्रतिभा चिन्हीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आगामी राष्ट्रीय खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर देवभूमि को खेलभूमि के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने एक जिला-एक खेल (ODOS) योजना के तहत प्रत्येक जिले में निर्धारित खेलों के लिए कोचिंग, प्रतिभा पहचान और प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने तथा जिला खेल छात्रावासों को खेल नर्सरी के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में समायोजित किया जा चुका है। एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम योजना के तहत 48 मिनी स्टेडियमों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 10 मिनी स्टेडियमों का निर्माण कार्य जारी है।
बैठक में यह भी बताया गया कि भारत के प्रथम महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज, लोहाघाट का निर्माण तेजी से चल रहा है और इसके संचालन के लिए 16 पद सृजित किए जा चुके हैं। वहीं उत्तराखंड का पहला और देश का दसवां राज्य खेल विश्वविद्यालय, गोलापार-हल्द्वानी में 39 खेल एवं शैक्षणिक अवसंरचना घटकों का विकास किया जा रहा है।
