• 80 हजार रुपये कीमत की कॉपर वायर बरामद
  • नशे की लत पूरी करने के लिए की थी चोरी, पहले भी वाहन चोरी में जा चुका है जेल

विकासनगर। ढकरानी स्थित सोलर प्लांट से करीब 600 मीटर कॉपर वायर चोरी करने वाले एक शातिर चोर को कोतवाली विकासनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 80 हजार रुपये मूल्य की कॉपर वायर भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को सोलर प्लांट के इंजीनियर गौरव कुमार ने कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई कि प्लांट से करीब 600 मीटर कॉपर वायर चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सोलर प्लांट के सुरक्षा कर्मियों की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को चोरी की गई कॉपर वायर के साथ पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जब्बार पुत्र महमूद, निवासी वार्ड नंबर-6, ढकरानी, विकासनगर (उम्र 27 वर्ष) बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए कॉपर वायर चोरी कर उसे सस्ते दामों में बेचने की योजना बना रहा था।

गौरव कुमार की तहरीर पर कोतवाली विकासनगर में आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 198/2026 के तहत धारा 303(2)/317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि जब्बार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2023 में वह वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था।

बरामदगी:

  • 600 मीटर कॉपर वायर (अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये)

पुलिस टीम:

  • कांस्टेबल अनिरुद्ध
  • कांस्टेबल चमन
  • सोलर प्लांट ढकरानी के सुरक्षा कर्मियों का सहयोग रहा।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार