विकासनगर । विकासनगर के अंबाडी स्थित प्रगति शिक्षा मंदिर जूनियर हाई स्कूल में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, नशा मुक्ति एवं बच्चों के कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विकासनगर कोतवाली से सब इंस्पेक्टर रूबी मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सोनम माथुर द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुआ।
अपने संबोधन में सब इंस्पेक्टर रूबी मौर्य ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का महत्व बताते हुए हेलमेट के नियमित उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी-सी सावधानी भी कई अनमोल जीवन बचा सकती है।
उन्होंने नशा मुक्ति पर भी विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा अपने परिवार और समाज को भी नशे से दूर रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

रूबी मौर्य ने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात या अप्रिय परिस्थिति में पुलिस प्रशासन से किस प्रकार सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बच्चों से बिना किसी भय के अपनी समस्याएं साझा करने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की मदद लेने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या सोनम माथुर ने मुख्य अतिथि रूबी मौर्य को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं सुनीता देवी, सुमित्रा तोमर, नवीन जोशी, प्रीति नेगी, निशा सिंह, रानी चंदेल, सपना वर्मा, सुमन रानी, अंकिता तोमर, मनीषा खन्ना, मंजू देवी, मनीषा वर्मा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।शीर्षक:
प्रगति शिक्षा मंदिर में छात्र-छात्राओं को यातायात नियम, नशा मुक्ति और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी

