चकराता, 23 जुलाई। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में आयोजित ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतियोगिताओं, चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जन-जागरूकता गतिविधियों और विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों के जरिए विद्यार्थियों, ग्रामीणों और आमजन को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैंट बोर्ड, चकराता के उपाध्यक्ष अनिल चांदना ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर स्वयं लाभ उठाने और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कैंट इंटर कॉलेज, चकराता के छात्र-छात्राओं ने भाषण, चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम स्थल पर लगी ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों से योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दूसरे दिन जौनसार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताओं में भाग लेने के साथ योग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। वहीं तीसरे दिन कैंट इंटर कॉलेज के छात्रों ने जौनसारी लोक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
दूसरे दिन की मुख्य अतिथि एवं जौनसार पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य मृदुला थापा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनमें जागरूकता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग और बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए सूचना स्टॉलों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
समापन समारोह में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। जौनसार पब्लिक स्कूल के जूनियर वर्ग में नमस्वी तोमर प्रथम, अर्पित रंजन द्वितीय और एना तोमर तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में शम्भवी ने प्रथम, अरैना चांदना ने द्वितीय और ईशांत नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं ‘विकसित भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कैंट इंटर कॉलेज की नाव्या ने प्रथम, प्रिन्सी ने द्वितीय और कृष ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में गरिमा प्रथम, आराध्य तोमर द्वितीय तथा सोनाक्षी वर्मा तृतीय स्थान पर रहीं।
तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना, युवाओं और विद्यार्थियों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना तथा जनभागीदारी के माध्यम से जागरूकता बढ़ाना रहा।
