विकासनगर। भारतीय किसान संघ विकासनगर ने विकासखंड क्षेत्र के बिहार इलाके की ग्राम पंचायतों में लंबित पड़े भू-सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। इस संबंध में संघ ने जिलाधिकारी देहरादून को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

भारतीय किसान संघ के अनुसार, बिहार क्षेत्र की ग्राम पंचायत माटोगी, मदर्स, भलेर, पट्टा, पपड़ियान और बाटनधार में भू-सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य कराए जाने को लेकर पूर्व में भी पत्राचार किया जा चुका है। संघ का कहना है कि करीब तीन वर्ष बीतने के बावजूद अभी तक इस महत्वपूर्ण कार्य को प्रारंभ नहीं किया गया है।

ज्ञापन में बताया गया कि इस संबंध में 30 जून 2026 को भी संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया था, जिसकी प्रतिलिपि संलग्न की गई है। किसान संघ ने जिलाधिकारी से मांग की है कि बिहार क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों में भू-सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू कराया जाए।

संघ ने कहा कि लंबे समय से लंबित इस कार्य के कारण स्थानीय ग्रामीणों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसानों और ग्रामीणों के हित को देखते हुए प्रशासन को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।

ज्ञापन भारतीय किसान संघ विकासनगर की ओर से जिलाधिकारी को सौंपा गया है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार