देहरादून। लंबे समय से भूमि संबंधी समस्याओं और सीमांकन के मामलों से जूझ रहे बिन्हार क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। बिन्हार क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों में भू-सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कराने की मांग पर प्रशासन गंभीर नजर आया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समाधान दिवस के दौरान भारतीय किसान संघ ने यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया, जिस पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने एसडीएम विकासनगर को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस में कुल 87 जनसमस्याएं दर्ज की गईं। अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जे, सुरक्षा दीवार निर्माण और आर्थिक सहायता समेत विभिन्न मुद्दे सामने आए।

इस दौरान भारतीय किसान संघ ने बिन्हार क्षेत्र की ग्राम पंचायत माटोगी, मदर्सू, भलेर, पष्टा, पपडियान और बावनधार में भू-सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त की मांग रखी। भूमि अभिलेखों और सीमाओं से जुड़े मामलों के समाधान के लिए उठाई गई इस मांग को प्रशासन ने गंभीरता से लिया। एडीएम ने एसडीएम विकासनगर को संबंधित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का परीक्षण करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में भूमि संबंधी फर्जीवाड़े और अवैध कब्जों के कई मामले भी सामने आए। मारुति विहार (राझांवाला) में खसरा संख्या 442 की सरकारी भूमि पर कथित कब्जे की शिकायत पर एसडीएम सदर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

रानीपोखरी क्षेत्र में जमीन खरीदने वाले एक सैनिक की भूमि पर दूसरे व्यक्ति द्वारा मकान बनाए जाने का मामला भी जनसुनवाई में उठा। सैनिक ने प्रॉपर्टी डीलर पर भूमि खरीद में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया। रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज होने के बावजूद सामने आए इस विवाद पर तहसीलदार और एसएचओ ऋषिकेश को जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

राजपुर रोड निवासी मधु गुप्ता की ईस्ट होप टाउन स्थित निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम और सीओ पुलिस को संयुक्त कार्रवाई का जिम्मा सौंपा गया। वहीं नेहरूग्राम में पशु चिकित्सालय मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत की जांच एसडीएम सदर को सौंपी गई।

ग्राम पंचायत गढ़बुरांसखंडा की प्रधान पूनम देवी ने बुरांसखण्डा-गढ़ मोटर मार्ग सर्वेक्षण की सीमा को लेकर उपजे विवाद के समाधान की मांग रखी, जिस पर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्राम पंचायत कंडोगल में नाले से खेतों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण हेतु सिंचाई विभाग तथा लाडपुर क्षेत्र में बारिश से क्षतिग्रस्त पुश्ते की जांच कर नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए। प्रत्येक प्रकरण का स्थलीय परीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को समय पर न्याय मिल सके।

जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार