13 माह पूर्व हुई थी शादी, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुआ पंचनामा

कौसानी/गरुड़ (बागेश्वर)। कौसानी थाना क्षेत्र के भोजगढ़ गांव में एक 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तहसीलदार/मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मृतका की पहचान रूपा सजवान (21) पत्नी अमित सिंह सजवान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रूपा का विवाह मई 2025 में हुआ था और शादी को अभी लगभग 13 माह ही हुए थे।

बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर ससुराल पक्ष ने रूपा की मौत की सूचना उसके मायके वालों को दी। सूचना मिलने पर सलखन्यारी निवासी उसकी मां गीता देवी और अन्य परिजन भोजगढ़ पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उनके पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष द्वारा शव को फंदे से नीचे उतार लिया गया था।

मृतका के पिता भुवन सिंह मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद वे घर के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मृतका का पति अमित सिंह सजवान भी तीन-चार दिन पहले ही मुंबई से अपने गांव लौटा था।

रूपा अपनी चार बहनों में सबसे बड़ी थी और उसने इंटरमीडिएट तक शिक्षा प्राप्त की थी। घटना के बाद से परिवार और ससुराल पक्ष दोनों सदमे में हैं।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नियमानुसार मजिस्ट्रेट की निगरानी में पंचनामा की कार्रवाई की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

सीओ बागेश्वर अजय साह ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

By atmamanathan

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार