विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने सीलिंग भूमि (चाय बागान भूमि) के नाम पर आमजन के कथित उत्पीड़न के विरोध में शुक्रवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री रयाल को ज्ञापन सौंपते हुए जिला प्रशासन पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना का आरोप लगाया।

नेगी ने कहा कि देहरादून जनपद के एनफील्ड ग्रांट, जमनीपुर, एटनबाग, ईस्ट होप टाउन, बदामावाला, अंबाड़ी, रायपुर, जीवनगढ़, कंडोली, कांवली, हरबंसवाला, मोहकमपुर खुर्द, बंजारावाला माफी, आर्केडिया ग्रांट, मलूकावाला, मिट्ठी बहेड़ी, लाडपुर, नत्थनपुर सहित कई क्षेत्रों में चाय बागान एवं सीलिंग भूमि के नाम पर भवन स्वामियों और काश्तकारों का शोषण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने सिविल अपील संख्या 2697/1984 में 24 अक्टूबर 1996 को दिए गए निर्णय में स्पष्ट किया था कि 10 अक्टूबर 1975 से पूर्व खरीदी गई भूमि उत्तर प्रदेश सीलिंग एक्ट की धारा 6(3) के तहत सीलिंग से मुक्त है। इसके बावजूद वर्ष 2023 में जारी प्रशासनिक आदेशों के आधार पर ऐसी भूमि के क्रय-विक्रय और दाखिल-खारिज पर भी रोक लगाई जा रही है, जिससे पात्र लोगों को भी परेशान होना पड़ रहा है।

मोर्चा का कहना है कि जिला प्रशासन को प्रत्येक मामले में भूमि की खरीद का वर्ष, स्वामित्व और कानूनी स्थिति की जांच के बाद ही कार्रवाई करनी चाहिए। बिना जांच के सभी मामलों पर एक समान रोक लगाना सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की भावना के विपरीत है। इससे आम नागरिकों, अधिवक्ताओं और सरकार के राजस्व पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

मोर्चा ने मांग की कि जिन मामलों में भूमि वास्तव में सीलिंग की जद में आती है, उनमें विधिसम्मत कार्रवाई की जाए, लेकिन 10 अक्टूबर 1975 से पूर्व खरीदी गई भूमि के मामलों में लोगों का उत्पीड़न तत्काल बंद किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

घेराव/प्रदर्शन में – मोर्चा महासचिव आकाश पंवार ,विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, मोहम्मद आरिफ, गालिब प्रधान, विवेक गुप्ता, मुजीबुर रहमान सलीम, राम सिंह तोमर, के.सी चंदेल, मालती देवी, विनोद पड्डा, हाजी असद, युवराज तोमर, संजय गुप्ता, सत्यपाल शर्मा, प्रवीण शर्मा पिन्नी, मो.नसीम, राजकुमार गोयल, रितेश तोमर, मो. इस्लाम, मो. आसिफ, सलीम खान, राजीव गुप्ता, वाहिद कुरैशी, मुमताज, राघवेंद्र सिंह, संगीता पैन्युली, मान चंद राणा, दीपक अग्रवाल, प्रमोद शर्मा,ब्लॉक अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट,मनीष गुप्ता,नीलम अंथवाल, मुकेश रोहिला,फरजाना, अशोक गुप्ता, महेंद्र भंडारी, सुरेशानंद बेलवाल, यूनुस,उमराव सिंह, बिल्लू गिल्बर्ट, विनोद शर्मा, नरेश ठाकुर, जगदीश रावत, साक्षी सैनी, पूजा नौटियाल, हिमांशु थापा, हरीश शाह, नाहिद खान, सफीक पांडे, मीडिया प्रभारी अतुल हांडा, सोमपाल, प्रवेश तोमर, रमेश मल्होत्रा, प्रवीण थपलियाल, इंद्रेश रावत, संजय रावत, विकास मल्ला, रमेश थपलियाल, मनीष नेगी, विक्रम पाल, सोनू, शमशाद,गुरु चरण सिंह,चौ.मामराज, विक्रम पाल, क्रिस्टीना, मनीष कुमार, राघव भल्ला, शराफत अली,जसवीर, जसकीरत सिंह, विपिन भारद्वाज,जयपाल सिंह, सलीम मिर्जा, ऋषिपाल, सुनील कुमार आदि मौजूद थे |

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार