चम्पावत से चरस लाकर नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में बेचने का आरोप, काठगोदाम में STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

हल्द्वानी। नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने काठगोदाम पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 150 ग्राम चरस और एक स्कूटी बरामद की है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।

एसटीएफ के अनुसार, कुमाऊं क्षेत्र में पर्वतीय जिलों से चरस की तस्करी को लेकर मिल रहे इनपुट के आधार पर कुमाऊं यूनिट ने तकनीकी और मैनुअल सूचना विकसित की थी। इसी सूचना पर काठगोदाम थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संयुक्त टीम ने दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से व्यवसायिक मात्रा में चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज चंद्र पुत्र भवानी दत्त भट्ट, निवासी ग्राम बामन चापड़, थाना पाटी, चम्पावत और संजय चंद्र पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी ग्राम अनरपा, थाना पाटी, चम्पावत के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चम्पावत क्षेत्र से चरस खरीदकर लाते थे और नैनीताल व ऊधमसिंहनगर जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। एसटीएफ अब आरोपियों के नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटा रही है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना काठगोदाम में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। बरामदगी में 1 किलो 150 ग्राम चरस और स्कूटी संख्या UK04 TB 8402 शामिल है।

एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एसटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि तस्करी में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार