देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली उत्तराखंड की महिला मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पिथौरागढ़ की निकिता चंद ने 60 किलोग्राम और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। वहीं, आरती धारियाल ने रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 54 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का परिणाम है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा, सहायक निदेशक खेल संजीव पौरी, जिला खेल अधिकारी शबाली गुरंग सहित खेल विभाग के अधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार