विकासनगर। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में बुधवार को एक कमरे में युवक का शव मिलने और एक महिला के घायल अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले महिला को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच जारी है।

मृतक की पहचान कमलेश निवासी चकराता के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला संगीता निवासी त्यूणी बताई जा रही है, जिसका लेहमन अस्पताल में उपचार चल रहा है। महिला को गोली लगी है और उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कमरे से गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को दी। कमलेश खून से लथपथ मृत पड़ा था, जबकि संगीता गंभीर रूप से घायल मिली।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि कमलेश का संगीता के यहां अक्सर आना-जाना था। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। गोली चलने के कारणों, दोनों के संबंधों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार