सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का एसएसपी ने लिया संज्ञान, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। कोरोनेशन जिला अस्पताल में युवकों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट के मामले में डालनवाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 युवकों को गिरफ्तार किया है। अस्पताल परिसर में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

पुलिस के अनुसार, हिमांशु चौहान निवासी बालावाला ने कोतवाली डालनवाला में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि वह अपने छह दोस्तों के साथ कोरोनेशन जिला अस्पताल में मेडिकल कराने पहुंचे थे। इसी दौरान 15 से 20 अज्ञात युवक वाहन संख्या UK07FG-4494 से वहां पहुंचे और उनसे पता पूछा। बालावाला बताए जाने के बाद युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि कांच की बोतलों और पत्थरों से हमला करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।

शिकायत के आधार पर डालनवाला कोतवाली में मुकदमा संख्या 149/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य जानकारियों के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक: वंश कोठियाल (20), कपिल वोहते उर्फ सन्नी (36), अंकित वासोत उर्फ कुसु (37), समीर ढिंगिया (23), मुकुल सोनकर (22), गुंजन कुमार (19), शुभ सिरोय (22), विवेक सैनी उर्फ विहान (22), हर्षित चौहान (20) और हिमांशु भट्ट (21), सभी देहरादून के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार