नन्हे किडजियंस ने पारंपरिक एवं महाराष्ट्रियन वेशभूषा में बढ़ाई उत्सव की शोभा

विकासनगर। विकासनगर स्थित किड-ज़ विद्यालय में गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने किडजियंस ने पारंपरिक एवं महाराष्ट्रियन वेशभूषा में सजकर कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र बने और उत्सव की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ किया गया। इसके बाद बच्चों ने भगवान गणेश से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय एवं आनंदमय वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर शिक्षिकाओं ने बच्चों को गणेश चतुर्थी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि भगवान गणेश को बुद्धि, ज्ञान, विवेक एवं शुभता का प्रतीक माना जाता है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं त्योहारों से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें संस्कार और सामाजिक मूल्यों का विकास करने में भी सहायक होते हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना सिंघल ने सभी बच्चों एवं अभिभावकों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में भारतीय पर्वों को उत्साहपूर्वक मनाने का उद्देश्य बच्चों को अपनी समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने बच्चों की सहभागिता और उत्साह की सराहना की।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों के बीच उत्सव, संस्कार और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार