विकासनगर। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के विकासनगर कैंप कार्यालय में अंकिता भंडारी की पुण्यतिथि पर शोक एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी सुरेंद्र लाल गैरोला के सानिध्य में आयोजित सभा में कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और सामूहिक प्रार्थना की।

इस अवसर पर वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी सुरेंद्र लाल गैरोला एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अरविंद तोमर ने संयुक्त बयान में कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन उत्तराखंड की बेटी को अभी तक पूर्ण न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि न्याय की मांग को लेकर प्रदेश की जनता आज भी आवाज उठाने को मजबूर है।

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर अंकिता भंडारी प्रकरण में सामने आए कथित वीआईपी के नाम को कब तक छिपाया जाएगा और उसे कानून के कटघरे में कब खड़ा किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि मामले की वर्तमान में जारी सीबीआई जांच को किसी भी राजनीतिक दबाव से मुक्त रखते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

उक्रांद नेताओं ने यह भी मांग उठाई कि यदि मामले में सबूतों और साक्ष्यों को नष्ट करने के प्रयास हुए हैं तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ आंदोलनकारी सीमा कुकरेती, आंदोलनकारी रंजना बडोनी, ब्लॉक अध्यक्ष विनीता चौहान, जिला महामंत्री ऋतु ठाकुर, वरिष्ठ आंदोलनकारी सुरेंद्र कुकरेती, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह नेगी, जिला उपाध्यक्ष अनिल पंवार, वरिष्ठ आंदोलनकारी नरेंद्र कुकरेती, महामंत्री सुरेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अरविंद तोमर एवं उपाध्यक्ष तुषार शर्मा सहित उक्रांद कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार