कालसी। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा चकराता विधानसभा के कालसी मंडल में लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा ओबीसी मोर्चा देहरादून ग्रामीण की जिला प्रभारी मुनेश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के विभिन्न वर्गों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इनका उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याण का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने लाभार्थियों से अपने आसपास के पात्र लोगों को भी योजनाओं की जानकारी देने की अपील की।
ओबीसी मोर्चा देहरादून ग्रामीण के जिलाध्यक्ष वीरता गुरुग ने सम्मेलन में लाभार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच रहा है। कार्यकर्ताओं को योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से काम करना चाहिए, ताकि कोई पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
जिला महामंत्री एडवोकेट गुरुमेल सिंह राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकारें समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है।
जिला उपाध्यक्ष एवं नगर निगम देहरादून के पार्षद अनिल प्रसाद नौटियाल ने सरकार की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रशांत नेगी ने लाभार्थियों और पदाधिकारियों को सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने सरकार की योजनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों और जनकल्याणकारी संदेशों को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के तरीकों की जानकारी दी।
सम्मेलन में लाभार्थियों ने विभिन्न योजनाओं से मिले लाभों के अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री नरेंद्र तोमर ने किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप वर्मा, जिला उपाध्यक्ष रविंदर यादव, अजय बहादुर छेत्री, जिला मंत्री पुष्पा गुरंग, योगेश राठौड़, महिपाल धीमान, कोषाध्यक्ष विपिन रावत, हरीश राठौर, देवेंद्र गुरुम, दीपक रोहिल्ला, अरविंद तोमर, विनोद पाल, महावीर सेनवाल सहित ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
