देहरादून, 29 जून। दून पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को 10.67 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसके नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली विकासनगर पुलिस की टीम ने लाभप्रद सूचनाओं के आधार पर 28 जून की रात करीब 8:55 बजे पीठ ग्राउंड, डाकपत्थर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने विशाल कॉलोनी, जीवनगढ़ निवासी 31 वर्षीय बुरहान पुत्र स्वर्गीय इमरान को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10.67 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मुकदमा संख्या 189/2026, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए स्मैक की तस्करी करता है। उसने स्वीकार किया कि वह स्मैक का कुछ हिस्सा स्वयं इस्तेमाल करता था और बाकी टैक्सी चालकों एवं मजदूरों को फुटकर में बेचता था, जिससे उसे अच्छा मुनाफा होता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना विकासनगर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट समेत करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को स्मैक की सप्लाई कौन कर रहा था और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
