देहरादून। दून पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के मामले में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला थाना रायवाला क्षेत्र का है, जहां विवाहिता की आत्महत्या के बाद उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को जयबीर सिंह निवासी अठूरवाला, जौलीग्रांट ने थाना रायवाला में तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन शकुन्तला (33) का विवाह वर्ष 2018 में सुशील बर्थ्वाल निवासी खैरीखुर्द, रायवाला के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति सुशील बर्थ्वाल लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करता था। कई बार समझाने के बावजूद उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर शकुन्तला ने 25 जून 2026 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तहरीर के आधार पर थाना रायवाला में मु0अ0सं0 105/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पंचायतनामा की कार्रवाई के दौरान मृतका के कपड़ों से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। साक्ष्यों और परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 27 जून 2026 को आरोपी सुशील बर्थ्वाल (43) पुत्र स्व. कुन्दन सिंह निवासी खैरीखुर्द, थाना रायवाला को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नमिता सैनी, कांस्टेबल हंसराज और कांस्टेबल अनित कुमार शामिल रहे।
