विकासनगर। 21 जून 2026 को योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रही नगरपालिका विकासनगर की सभासद श्रीमती सुमन काशव एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गईं। कोतवाली प्रभारी को सौंपे पत्र में सभासदों ने कहा कि मण्डी चौक विकासनगर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-507 पर जल कल विभाग द्वारा एक गड्ढा खोदा गया था, जो लंबे समय से खुला पड़ा था।
बताया गया कि उक्त स्थान पर न तो कोई सुरक्षा बैरिकेडिंग लगाई गई थी और न ही किसी प्रकार की चेतावनी व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान स्कूटी से गुजरते समय सभासद सुमन काशव का वाहन अनियंत्रित हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए इंद्रेश अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सभासदों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
