देहरादून/हरिद्वार, 26 जून 2026: उत्तराखंड एसटीएफ और एएनटीएफ ने ट्रामाडोल तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य अंकित कुमार प्रजापति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मुख्य अभियुक्त सचिन मनिहाल के लिए हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिबंधित दवा SPASMORE (Tramadol) Capsules की रिसीविंग और डिस्ट्रीब्यूशन का आरोप है।
एसटीएफ के अनुसार, 11 मई 2026 को थाना मंगलौर क्षेत्र से 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए थे। इस मामले की जांच के दौरान बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अंकित की भूमिका सामने आई।
जांच में खुलासा हुआ कि जनवरी 2026 से अब तक आरोपी को लगभग 77 पेटियां (करीब 6,930 डिब्बे) SPASMORE कैप्सूल विभिन्न खेपों में मिली थीं, जिन्हें वह हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से सप्लाई करता था। बिक्री से प्राप्त रकम में अपना कमीशन काटकर शेष राशि मुख्य आरोपी तक नकद और बैंक खातों के जरिए पहुंचाई जाती थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कार्रवाई से बचने के लिए व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड डिलीट कर दिए थे, लेकिन डिजिटल साक्ष्यों और बैंक लेन-देन से पूरे नेटवर्क का खुलासा हो गया।
एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से एक जियो कीपैड मोबाइल और एक वीवो V50e मोबाइल फोन बरामद कर सीज कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, अंकित कुमार प्रजापति के खिलाफ पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पहले से चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ अब इस तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक, आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने आमजन से नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस या एसटीएफ को देने की अपील की है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार