आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज में संयुक्त सचिव पद पर जीत, पछवादून में खुशी का माहौल
विकासनगर। पछवादून के डाकपत्थर निवासी युवा अर्श सत्संगी ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में जीत दर्ज कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस स्थित आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज में अर्श ने संयुक्त सचिव पद पर चुनाव लड़ते हुए विजय हासिल की।
अर्श की जीत की खबर सामने आते ही डाकपत्थर सहित पूरे पछवादून क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों, मित्रों, स्थानीय नागरिकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्र राजनीति में कम उम्र में मिली यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का विषय बनी है।
अर्श सत्संगी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट मैरी स्कूल, डाकपत्थर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, विकासनगर से कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज में बी.कॉम (प्रोग्राम) द्वितीय वर्ष के छात्र हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में छात्रसंघ चुनाव जीतकर संयुक्त सचिव का दायित्व हासिल करना अर्श की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी इस सफलता से डाकपत्थर और पूरे पछवादून क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
